मरदह(गाजीपुर)। जल निगम की पानी टंकी से आपूर्ति न होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार को जम कर प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि पिछले एक हफ्ते से जलापूर्ति ठप है। ग्रामीणों ने जेई के खिलाफ नारेबाजी कर उसका पुतला भी फूंका। लोगों ने चेतावनी दी कि अगर जल्दी ही पानी टंकी के खराब मोटर को ठीक कर आपूर्ति शुरू नहीं की गई, तो आगे सड़क जाम कर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
पिछले एक हफ्ते से नगर की ब्लाक रोड स्थित जल निगम की पानी टंकी से सप्लाई बाधित है। पानी टंकी के नलकूप को चलाने के लिए पांच हार्सपावर के मोटर लगाए गए हैं, जो एक सप्ताह से जल गया है। इसकी सूचना विभाग के जेई को दी गई है, लेकिन उसकी लापरवाही और उदासीनता के कारण इसे नहीं बनाया जा सका। इस टंकी से आधा दर्जन गांवों में पानी की आपूर्ति होती है। इससे नाराज मरदह, पड़िता, नोनहरा, कंसहरी, भवानीपुर, कबीरपुर, नरवर, महेगावाँ आदि गांवों से बड़ी संख्या में लोग आज जल निगम पानी टंकी पहुुंचे। मौके पर कोई कर्मचारी नहीं मिला और दरवाजे पर ताला लटक रहा था। इस पर उनका गुस्सा और बढ़ गया। लोगों ने जेई परशुराम यादव से संपर्क साधा तो मोबाइल बंद मिला। ग्रामीणों ने एकजुट होकर सौरभ वर्मा के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए जेई परशुराम यादव का पुतला दहन किया। ग्रामीणों ने घंटों प्रदर्शन किया तथा कहा कि इस समस्या से जल्द निजात नहीं मिली तो हम सड़क पर उतर कर चक्काजाम करेंगे । इस मौके पर दरोगा अहमद, विनोद विश्वकर्मा, सतीश वर्मा, गोलू गोड़, राकेश कन्नौजिया, विकास जायसवाल, बजरंगी गोड़, कृष्णा गुप्ता, गोविन्द, रवि प्रजापति, राजू अहमद, सत्या, मेराज अहमद, मज्जू पांडेय, विजयी यादव आदि लोग मौजूद रहे।