गिरवां थाना क्षेत्र के कोलावल रायपुर बालू खदान में बुधवार को हुई गोलीबारी में डकैती और लूटपाट भी हुई। गिरवां पुलिस ने खदान संचालकों की ओर से इन्हीं धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। नामजद 11 लोगों में चंदला (छतरपुर) के विधायक के दो पुत्र भी शामिल हैं। इनके अलावा 15-20 अज्ञात हैं। सभी नामजद मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के हैं। उधर, खदान कर्मी ने गुरुवार को यहां पुलिस अधीक्षक को दी अर्जी में कहा है कि मध्य प्रदेश के लोग कई दिनों से असलहों से लैस होकर खदान में आ रहे थे और 5000 रुपये प्रति गाड़ी रंगदारी मांग कर रहे थे। बुधवार को धावा बोलकर मारपीट, लूटपाट, फायरिंग के बीच खदान के कर्मचारी को भी अगवा कर ले गए हैं।
खदान कर्मचारी विनोद सिकवार निवासी कोलावल रायपुर ने गिरवां थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि कोलावल रायपुर खदान नंबर-चार पर बुधवार को करीब ढाई बजे मध्य प्रदेश के रामपुर की तरफ से 8-10 वाहनों में 20-30 असलहाधारी खदान सीमा में आ घुसे। खदान कर्मियों से मारपीट की और ट्रकों के शीशे तोड़ दिए। विरोध करने पर बंदूक से फायरिंग की। खदान के कैशियर को बंदूक अड़ाकर करीब 7 लाख रुपये लूट लिए। खदान कर्मी साबिर को बंदूक के बल पर पकड़ ले गए। फायरिंग में खदान के दो कर्मचारी भी घायल हो गए। बंदूक की बट से कंप्यूटर तोड़ डाले।
गिरवां पुलिस ने मध्य प्रदेश के चंदला विधायक आरडी प्रजापति के दो पुत्रों ब्रजेश व कमलेश निवासी मुड़ेरी (छतरपुर) सहित रुद्र प्रताप पुत्र बड़कू (चंदला, छतरपुर), लखन पुत्र केशव व जग प्रसाद पुत्र रामप्रसाद (कटैला, छतरपुर), बंशीधर पुत्र रामसनेही (पटली, छतरपुर), राजाराम पुत्र वंशगोपाल (सरबई, छतरपुर), पप्पू पुत्र गया प्रसाद (रामपुर, छतरपुर), आशीष निगम पुत्र रामकरन (खडिय़ा, छतरपुर), रामराज पुत्र रामदेव पटेल व रामराजा उर्फ छलुआ (कटैला, छतरपुर) सहित 15-20 अज्ञात लोगों के विरुद्ध आईपीसी की धारा 395 (डकैती), 397 (जान से मारने की कोशिश के साथ लूट), 364 (अपहरण), 307 (हत्या की कोशिश) और 427 (आर्थिक नुकसान पहुंचाना) के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष नीरज यादव विवेचना कर रहे हैं। उधर, खदान कर्मी विनोद सिकरवार ने बांदा में पुलिस अधीक्षक को भी यही तहरीर दी है। एसपी ने जांच और कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
छतरपुर डीएम, एसपी खदान पहुंचे, एसओ लाइन हाजिर
खत्री पहाड़/नरैनी। गुरुवार को छतरपुर कलक्टर (जिलाधिकारी) रमेश भंडारी और पुलिस अधीक्षक विनीत खन्ना ने कोलावल रायपुर खदान आकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। खदान संचालकों, कर्मियों और आसपास के ग्रामीणों से बातचीत कर जानकारी ली। उधर, छतरपुर एसपी ने घटनास्थल से संबंधित थाना गोयरा के प्रभारी बलराम सिन्हा राठौर को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। एसपी ने बताया कि गोलीकांड की जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने पर अगली कार्रवाई होगी। मुकेश शाक्य गोयरा के नए थानाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। उधर, इतनी बड़ी घटना के बाद फिलहाल गिरवां पुलिस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। ब्यूरो