जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के किशुनीपुर गांव के पास बुधवार की सुबह बाइक और ट्रक में टक्कर हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए वाराणसी ले जाया गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने चालक सहित ट्रक को पकड़ लिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस चालक सहित ट्रक को कब्जे में लेकर कोतवाली ले आई।
किशुनीपुर निवासी संजय कुमार का बेटा अक्षय कुमार (16) अपने साथियों रौनक (16) और ओमप्रकाश (15) के साथ बाइक से जोगियामार गांव में सस्ते गल्ले की दुकान से राशन लेने बाइक से गया था। राशन लेने के बाद तीनों वापस घर लौट रहे थे। इसी बीच किशुनीपुर गांव के पास ही सुबह करीब आठ बजे जमानिया से दिलदारनगर की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दिया। बाइक सवार तीनों बालक गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के होते ही आस-पास मौजूद लोग मौके की तरफ से दौड़ पड़े और भाग रहे चालक को ट्रक सहित रोक लिया। दुर्घटना की सूचना पर घायलों को परिजनों के साथ ही पुलिस को दी। सूचना के कुछ ही देर बाद परिजन मौके पर पहुंच गए। घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया, जहां रौनक की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस चालक सहित ट्रक को कोतवाली लाई। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी क्षितिज त्रिपाठी ने बताया कि चालक को ट्रक सहित कब्जे में ले लिया गया है। घायल के परिवार की तरफ से तहरीर मिलने पर चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।