जमानिया। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चंद्रप्रकाश शुक्ला ने रविवार को स्थानीय कोतवाली का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अपराध रजिस्टर, त्यौहार रजिस्टर, विवेचना से जुड़ी पत्रावली की गहनता पूर्वक जांच की।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने कानून व्यवस्था का बेहतर अनुपालन कराने तथा अपराधियों की धरपकड़ के लिए सक्रिय रहने का निर्देश मातहतों को दिया। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि थाने में आने वाले नागरिकों से पुलिस का अच्छा बर्ताव होना चाहिए। किसी भी पुलिसकर्मी के खिलाफ शिकायत मिली तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उन्होंने लावारिस खड़े वाहनों को जल्द से जल्द डिस्पोजल करने का निर्देश दिया। साथ ही कोतवाली परिसर में साफ-सफाई के कड़े निर्देश भी दिए। उन्होंने क्षेत्र में गश्त को प्रभावी बनाने के साथ गश्त बढ़ाने और वाहन चेकिंग करने पर जोर दिया। कहा कि अपराधियों पर पैनी नजर बनाए रखें और अपराध पर अंकुश लगाएं। कानून सभी के लिए एक बराबर है और कानून तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी आरबी सिंह, कोतवाल राजाराम, स्टेशन बाजार चौकी इंचार्ज ओंकारनाथ तिवारी, धर्मेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।