जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के बरूईन गांव में दशहरे के दिन आसिफ खां की गोली मारकर हुई हत्या के मुख्य आरोपी संतोष सिंह उर्फ छोटक ने शुक्रवार शाम सीजेएम कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। इस मामले का एक आरोपी अभी भी फरार है।
दशहरा के दिन करीब साढ़े तीन बजे आसिफ खां पुत्र मकबूल खान की मुख्य सड़क पर स्थित दुकान के पास दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया था। तब मौके पर पहुंचे एसडीएम के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ था। इधर पुलिस ने भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी। 22 अक्तूबर को तीन लोगों को लाइसेंसी रिवाल्वर के साथ गिरफ्तार कर जेल भी भेजा। इस फर्जी खुलासे को लेकर पुलिस की खूब किरकिरी भी हुई। हत्या के खुलासे के लिए रामलीला मैदान में प्राचीन रामलीला समिति के अध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में तीन दिन धरना-प्रदर्शन किया गया। इसी बीच घटना के मुख्य आरोपी ने शुक्रवार शाम सीजेएम कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। हालांकि अभी भी घटना का एक आरोपी पकड़ से बाहर है। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी संतोष सिंह उर्फ छोटक ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है। एक आरोपी अभी भी पकड से बाहर है जिसे जल्द ही पकड़ कर न्यायालय में पेश कर दिया जाएगा।