फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अनियंत्रित बोलेरो की टक्कर में पिता-पुत्र सहित तीन घायल

विज्ञापन
विज्ञापन
करंडा (गाजीपुर)।
विज्ञापन

थाना क्षेत्र के मैनपुर चट्टी के पास शनिवार की शाम अनियंत्रित बोलेरो ने ठेला, बाइक सवार को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दो युवकों के साथ ही एक ठेला चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना से नाराज ग्रामीणों ने बोलेरो में सवार प्रोबेशन विभाग के तीन कर्मचारियों की जमकर पिटाई की। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। टक्कर से घायलों को जिला अस्पताल और ग्रामीणों की पिटाई से घायल बोलेरो सवारों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भेजवाया। पुलिस बोलेरो को थाना ले आई। दो घायलों को चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। इस दुर्घटना से काफी देर तक चट्टी पर अफरातफरी मची रही।
विज्ञापन

चोचकपुर की तरफ से एक बोलेरो गाजीपुर की तरफ तेज रफ्तार में आ रही थी। इसी दौरान शाम को करीब 4 बजे मैनपुर चट्टी पर स्थित ग्रामीण बैंक के पास चालक नियंत्रण खो बैठा और गाजीपुर की तरफ से ठेला पर सीमेंट शीट लादकर जा रहे मैनपुर निवासी ज्ञानेंद्र राम (40), उसके पुत्र मनीष कुमार (15) को टक्कर मार दी। इसके बाद भागने के चक्कर में बोलेरो कुछ ही दूरी पर सड़क किनारे बाइक पर बैठे यहीं के निवासी अभिषेक कुमार (18) को भी वाहन से टक्कर लग गई। चालक ने वाहन को खड़ा कर दिया। दुर्घटना के बाद आक्रोशित लोग दौड़कर बोलेरो के पास पहुंचे और वाहन में सवार प्रोबेशन कार्यालय के कर्मचारी गोपाल राय, नितिन राय और प्रदीप को बाहर निकाला और जमकर पिटाई की। दुर्घटना की जानकारी होते ही डायल-100 पुलिस मौके पर पहुंच गई और समझा-बुझाकर ग्रामीणों को शांत कराया। लोगों की पिटाई से घायल तीनों कर्मचारियों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और टक्कर में घायल तीन लोगों को जिला अस्पताल भेजवाया। जानकारी होते ही सदर एसडीएम शिवशरण अप्पा, एसएसआई रामसकल यादव, करंडा थानाध्यक्ष त्रिवेणीलाल सेन के साथ ही क्षेत्राधिकारी हृदयानंद सिंह, सदर कोतवाल राजीव सिंह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। गंभीर रूप से घायल अभिषेक और मनीष को चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। क्षेत्राधिकारी हृदयानंद ने बताया कि बोलेरो को कब्जे में ले लिया गया है। ग्रामीणों की पिटाई से घायल बोलेरो सवारों का उपचार कराया गया है। इस मामले में अभी तक घायलों के परिजनों की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले की छानबीन शुरू की जाएगी। दुर्घटना को लेकर ग्रामीणों का कहना था कि बोलेरो में सवार लोग शराब के नशे में धुत थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें