जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के स्टेशन बाजार स्थित मुख्य नहर में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। गुरुवार की शाम युवक का शव नहर दिलदारनगर थाना क्षेत्र के फुल्ल गांव के सामने में उतराया मिला। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्टेशन बाजार के हरिजन बस्ती निवासी नगीना चौहान (36) अपने साथियों के साथ देर शाम मुख्य नहर में मुंह धोने गया था। उसका पैर फिसल गया, जिससे वह गहरे पानी में चला गया। काफी देर तक जब वापस नहीं आया तो साथ गए उसके दोस्त खोजने लगे। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी। परिजन भी ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंच गए। देर रात खोजबीन करने के बाद भी उसका पता नहीं चला। लोगों ने चौधरी चरण सिंह पंप कैनाल पर तैनात कर्मचारी को घटना की सूचना देकर नहर बंद कराया। गुरुवार की शाम दिलदारनगर थाने के फुल्ली गांव के सामने नहर के पास युवक का शव उतराया मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।