सादात। थाना क्षेत्र के कट्या चट्टी से कुछ दूरी पर गुरुवार की दोपहर बैंक से पैसा निकालकर घर लौट रहे बाइक सवार भाई-बहनों को बदमाश तमंचे से आतंकित कर 50 हजार नगदी और मोबाइल लूट कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गई। वारदात के बाद पुलिस अधीक्षक डा. अरविंद चतुर्वेदी और एसपी ग्रामीण चंद्रप्रकाश शुक्ला मौके पर पहुंच गए। पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने बदमाशों की तलाश में शुरू कर दी।
खजुरा गांव निवासी अमन कुमार अपनी बहन मीरा देवी के साथ सादात बाजार में स्थित यूनियन बैंक की शाखा में गुरुवार को पहुंचा। अमन ने 50 हजार रुपये निकाला और बाइक से बहन के साथ घर लौट रहा था। इसी बीच दिन में करीब एक बजे जैसे ही कट्या चट्टी के आगे सुनसान स्थान पर पहुंचा। पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने चलती बाइक से चाबी निकाल लिया, जिससे बाइक खड़ी हो गई। इसके बाद बाइक पर पीछे बैठा बदमाश उतरा और अमन पर तमंचा तानते हुए उसके जेब से 50 हजार रुपये और मोबाइल निकाल लिया। डरी-सहमी बहन ने कहा कि आप लोग पैसा ले लीजिए, लेकिन मेरे भाई को कुछ मत करिए। इसके बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए बाइक मोड़कर सादात की तरफ फरार हो गए। भाई अमन ने बहन की मोबाइल से घटना की सूचना पुलिस और परिवार के लोगों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गई। कुछ ही देर में थानाध्यक्ष रविंद्र भूषण मौर्य, क्षेत्राधिकारी सैदपुर रामबहादुर सिंह पुलिस कर्मियों के साथ वहां पहुंचे। पुलिस अधीक्षक डा. अरविंद चतुर्वेदी और एसपी ग्रामीण भी थाने पहुंच गए। एसपी ने पीड़ित से घटना की जानकारी लेते हुए मातहतों को जल्द से जल्द बदमाशों की गिरफ्तारी के आदेश दिए। मामले की छानबीन करते हुए पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरा का फुटेज देख संदिग्धों की पहचान की। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी रामबहादुर सिंह ने बताया की पीड़ित अमन की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।