नंदगंज। स्थानीय बाजार में शनिवार की सुबह उधार भांग न देने पर दबंगों ने भांग विक्रेता को मारपीट कर घायल कर दिया। इस मामले में सेल्समैन ने थाने में दो नामजद सहित तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराया है। स्टेशन चौराहे के द्वारिका गली में अनिल जायसवाल की भांग की दुकान है।
भांग की दुकान पर बरहपुर गांव निवासी श्याम अवध (45) यहां सेल्समैन का काम करता है। वह सुबह दुकान पर बैठा था। दो युवक दुकान पर आए और भांग मांगने लगे। जब दुकानदार ने भांग का पैसा मांगा तो युवकों ने पैसा देने से मना कर दिया। जब सेल्समैन भांग नहीं दिया तो युवक उसे पकड़कर मारने-पीटने लगे। यह देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचते, तब तक युवक भाग निकला। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष केके मिश्रा वहां पहुंच गए। इस मामले में घायल दुकानदार ने थाने में दवोपुर गांव निवासी दुर्गेश यादव बरहपुर निवासी पंकज यादव तथा एक अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।