शादियाबाद। थाना क्षेत्र के मोहब्बतपुर-मनिहारी में पेट्रोल भराने गए एक युवक से पंप कर्मी से नोकझोंक होने लगी। इसी बीच युवक ने अपने अन्य साथियों को वहां फोन कर बुला लिया और वहां पहुंचे दो दर्जन युवकों ने कर्मचारी से मारपीट की और काउंटर, मशीन आदि में तोड़फोड़ की। इस दौरान पंप पर काफी देर तक अफरा-तफरी रही। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने पंप पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। पेट्रोल पंप मालिक ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
शहर कोतवाली के शास्त्री नगर निवासी राजेश सिंह का मोहब्बतपुर मनिहारी में पेट्रोल पंप है। मंगलवार की शाम पेट्रोल लेने के लिए एक बाइक सवार युवक वहां पहुंचा और पहले पेट्रोल देने के लिए कहने लगा। इसके बाद पंप कर्मी और युवक के बीच नोकझोंक होने लगी। इस पर पेट्रोल कर्मचारी ने उन्हें क्रम से पेट्रोल देने को कहा। इस बात को लेकर धक्का-मुक्की होने लगी। तभी युवक ने फोन करके अपने अन्य दोस्तों को वहां बुला लिया। करीब दर्जनभर युवक पंप पर पहुंच गए। युवकों ने जमकर वहां उत्पात मचाया। इस प्रकरण में पंप स्वामी ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन चल रही है।