सुहवल(गाजीपुर)। रेवतीपुर थाने की पुलिस ने गुरुवार की सुबह उतरौली नहर के पास से बाइक सवार तीन शातिर वाहन चोरों को बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों का चालान कर दिया है।
रेवतीपुर थानाध्यक्ष राजेश त्रिपाठी पुलिस कर्मियों के साथ गश्त कर रहे थे। इसी बीच सूचना मिली कि एक बिना नंबर की चोरी की बाइक के साथ तीन वाहन चोर बिहार से जिला मुख्यालय की तरफ जा रहे हैं। पुलिस ने उतरौली नहर के पास ताड़ीघाट-बारा मार्ग पर घेरेबंदी पर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस की जबरदस्त घेराबंदी के बीच बाइक सवार जैसे पास पहुंचे, पुलिस ने रुकने का इशारा किया। इस पर वह भागने लगे। पुलिस ने दौड़ा कर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में तीनों ने अपना नाम नवली निवासी मनोज यादव उर्फ मोदी, सोनू यादव और रेवतीपुर थाने के त्रिलोकपुर निवासी सतेंद्र गोंड बताया। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि इनके पास से मिली बाइक चोरी की है। पूछताछ में वाहन चोरों ने बताया कि वह काफी लंबे समय से वाहन चोरी की घटना में लिप्त हैं। सभी को संबंधित धाराओं में चालान कर दिया गया।