गाजीपुर। शहर कोतवाली के चंदन नगर कालोनी (रौजा) मंगलवार की रात बदमाशों ने एक नौ सेना से रिटायर कर्मी को गोली मारकर घायल कर दिया था। उनका उपचार वाराणसी में चल रहा है। घटना के दूसरे दिन भी पीड़ित की तरफ से मामले में तहरीर नहीं दी गई। पुलिस ने एक भाजपा नेता के पुत्र सहित दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस की माने तो छात्रसंघ चुनाव को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया है।
मूलत: रेवतीपुर के रहने वाले नौ सेना से रिटायर कर्मी विनय राय (60) सदर कोतवाली क्षेत्र के चंदननगर कालोनी (रौजा) में मकान बनवाकर परिवार के साथ रहते है। मंगलवार की रात करीब आठ बजे बाइक सवार दो युवक उनके घर पहुंचे थे। एक कुछ दूर बाइक पर ही बैठा रहा, जबकि दूसरा विनय राय का दरवाजा खटखटाया था। जैसे ही विनय राय ने दरवाजा खोला, युवक ने उनसे उनके पुत्र भारत राय के बाबत पूछा था। इस पर उन्होंने बताया कि वह घर नहीं है और कमरा में जाने के लिए जैसे ही घुमे थे, युवक ने उन पर गोली चला दिया था। गोली कमर को छिलती हुई निकल गई थी। घायल विनय राय ने कुछ दूर तक युवक को पकड़ने के लिए दौड़ाया भी था, लेकिन हमलावर युवक अपने साथी संग बाइक से भाग निकला था। घटना के बाद मौके पर पास-पड़ोस के लोगों की भीड़ लग गई। घायल को पहले जिला अस्पताल और यहां से वाराणसी ले जाया गया। अभी भी वाराणसी में घायल का उपचार चल रहा है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी महिपाल पाठक ने बताया कि घायल के परिजन उपचार की वजह से वाराणसी में है। बुधवार की देर शाम तक उनकी तरफ से मामले की तहरीर नहीं मिली थी। फिर भी पुलिस मामले की छानबीन लगी हुई है। यह घटना छात्रसंघ चुनाव को लेकर हुआ है। क्योंकि विनय राय से बदमाश उनके जिस पुत्र के संबंध में पूछा था, वह पूर्व छात्र नेता है। इस मामले में एक भाजपा नेता के पुत्र सहित एक अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बहोत जल्द ही मामले का खुलासा करते हुए बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।