जमानिया(गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के बरुइन गांव में प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित वेल्डिंग दुकान और दरौली गांव में एक व्यक्ति के मकान में शनिवार की चोरी की वारदात हुई। चोर दुकान और मकान से पांच हजार नकदी सहित हजारों का सामान उठा ले गए। पीड़ितों ने चोरी की सूचना पुलिस को दी।
बरुइन गांव निवासी मोहम्मद एखलाक खान की प्राथमिक विद्यालय के पास किराए की दुकान में वेल्डिंग की दुकान है। रोज की तरह शनिवार की देर शाम भी वह दुकान बंद कर घर चला गया। रात में किसी समय चोर ताला तोड़ कर दुकान में घुस गए। अंदर रखा पांच हजार नकदी, वेल्डिंग मशीन, कटर, ग्राइंडर, ड्रिल मशीन आदि सामान लेकर चंपत हो गए। रविवार की सुबह जब मोहम्मद एखलाक दुकान पहुंचा तो उसे चोरी की जानकारी हुई। मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। पीड़ित ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित से घटना के संबंध में जानकारी लेने के साथ ही मामले की छानबीन की। इस संबंध में पीड़ित ने तहरीर दिया है। दी गई तहरीर में उसने आरोप लगाया है कि जिस मकान में वह किराए पर दुकान चलाता है। उस मकान मालिक के रिश्तेदार की दिमागी हालत ठीक नहीं है। उसी ने दुकान का ताला तोड़कर नकदी सहित सामानों को चुराया है। इस संबंध में कोतवाली पुलिस ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है। उधर दरौली गांव निवासी ब्लॉक प्रमुख के चाचा राजाराम यादव के घर की कुंडी तोड़कर चोर अंदर घुस गए। घर में रखा टीवी, इन्वर्टर, पंखा उठा ले गए। सुबह जगने पर रविवार को लोगों को चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित ने चोरी की तहरीर दी। इस संबंध में कोतवाली पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है।