दुल्लहपुर(गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में रेलवे पटरी के किनारे सोमवार की सुबह बीएससी के एक छात्र का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के पास पड़े मोबाइल के साथ ही मृतक की जेब से पांच सोने के मंगल सूत्र, तीन पत्थर के नग एवं टूटी अंगूठी बरामद किया। मृतक के सिर पर चोट के निशान थे। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों के साथ हत्यारों की गिरफ्तारी और मुआवजा की मांग को लेकर गाजीपुर-आजमगढ़ मार्ग पर स्थित जलालाबाद शहीद चौक पर शव रख कर जाम लगा दिया। एसपी ग्रामीण के आश्वासन पर तीन घंटा बाद जाम समाप्त हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने को लेकर दोबारा ग्रामीणों ने थाना के सामने जाम लगा दिया। पुलिस ने लाठी पटक कर खदेड़ा। इस मामले में मृतक के पिता ने एक नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।
सोमवार की सुबह करीब पांच बजे सुल्तानपुर गांव में रेलवे लाइन के किनारे नायकडीह हाल्ट के की-मैन जयबहादुर यादव ने एक युवक का शव और वहां पड़ा मोबाइल फोन देखा। उसने तत्काल इसकी जानकारी दुल्लहपुर स्टेशन अधीक्षक को दी। अधीक्षक ने पुलिस को इसकी सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर दर्जनों ग्रामीण पहुंच गए। जलालाबाद गांव निवासी एक व्यक्ति ने मृतक की पहचान जलालाबाद गांव निवासी रजई राम के पुत्र नीरज राम (22) के रूप की। प्रधान प्रतिनिधि संतोष गुप्ता ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी। कुछ ही देर में परिवार के लोगों के साथ ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मृतक के सिर पर करीब आधा दर्जन चोट के निशान थे। पुलिस ने शव के पास एक मोबाइल के साथ ही मृतक की जेब से पांच सोने का मंगल सूत्र, तीन पत्थर का नग एवं टूटी अंगूठी बरामद किया। पुलिस ने जैसे ही शव को कब्जे में लेना चाहा, परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की बात कहते हुए रोक दिया। नाराज ग्रामीण दिन में नौ बजे शव लेकर गाजीपुर-आजमगढ़ मार्ग पर स्थित जलालाबाद शहीद चौक पर पहुंचे और हत्यारों की गिरफ्तारी तथा मुआवजा की मांग को लेकर शव रख कर जाम लगा दिया। थाना पुलिस जाम कर रहे लोगों को समझाने में जुट गई, लेकिन ग्रामीण मौके पर उच्चाधिकारियों को बुलाने की जिद पर अड़े रहे। सूचना पर एसपी ग्रामीण चंद्रप्रकाश शुक्ल, जखनिया उपजिलाधिकारी विजयशंकर तिवारी, क्षेत्राधिकारी भुड़कुड़ा आलोक कुमार पहुंचे। अधिकारियों ने आश्वासन देकर दिन में 12 बजे जाम समाप्त कराया। इसके बाद पुलिस शव को कब्जे में लेकर थाना लाई। परिजनों के साथ दर्जनों ग्रामीण साढ़े 12 बजे थाना पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने से नाराज ग्रामीणों ने दोबारा गाजीपुर-आजमगढ़ मार्ग पर थाना के सामने रखी बैरिकेटिंग और चौकी लगाकर सड़क जाम कर दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। पुलिस के समझाने पर भी ग्रामीण जाम समाप्त नहीं कर रहे थे। इस पर पुलिस ने आधा घंटा बाद लाठी पटक कर ग्रामीणों को खदेड़ा। इस संबंध में एसपी ग्रामीण चंद्रप्रकाश शुक्ल ने बताया कि मृतक के पिता रजई राम की तहरीर पर दुल्लहपुर निवासी संतोष वर्मा और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।