बांदा। बालू की ओवरलोडिंग पर आमादा माफिया और कारोबारियों ने प्रदेश की खनिज निदेशक जैकब रोशन द्वारा की गई कार्रवाई को भी चुनौती दे दी। चार दिनों पूर्व औचक निरीक्षण में आईं खनिज निदेशक ने पैलानी तहसील व थानांतर्गत सांड़ी खदान के पास 28 ओवरलोड ट्रकों को पकड़ा था।
साथ में मौजूद खनिज व परिवहन अधिकारियों से इन्हें सीज कराकर खदान संचालक की सुपुर्दगी में ट्रक दे दिए थे। लेकिन बीती रात यह सभी ट्रक फरार हो गए। बताया जा रहा है कि चार पहिया वाहनों पर आए दबंग असलहों की हनक दिखाकर ट्रकों को जबरन ले गए। सारे ट्रक पुलिस चौकी के सामने से होकर बेरोकटोक निकल गए। अधिकारी एक-दूसरे पर टाल रहे हैं।
खदान संचालक का कहना है कि उन्होंने खप्टिहा चौकी इंचार्ज को लिखित सूचना देकर ट्रकों की पहरेदारी कर पाने में असमर्थता जताई थी। उधर, पैलानी तहसीलदार रामदयाल रमन ने बताया कि उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है। खदान संचालक को भी चेतावनी दी गई है। तहसीलदार ने कहा कि खनिज अधिकारी रिपोर्ट दर्ज नहीं कराते तो वह रिपोर्ट दर्ज कराएंगे।
उधर, चौकी इंचार्ज राजनारायण नायक का कहना है कि ट्रकों को खदान संचालक की सुपुर्दगी में पैलानी एसडीएम ने दिया था। पुलिस का इसमें कोई रोल नहीं है। उधर, एसडीएम राकेश कुमार ने ट्रकों के फरार हो जाने से अनभिज्ञता जताई। कहा कि खदान संचालक ने ऐसी कोई सूचना नहीं दी है।
उधर, नायब तहसीलदार ने सांड़ी में केन नदी में बने पीपे के अवैध पुल को जेसीबी मशीन से ढहवा दिया। चेतावनी दी कि दोबारा पुल बनवाया तो जिलाधिकारी को पत्र भेजकर कार्रवाई के लिए अनुरोध किया जाएगा।