गाजीपुर। जनपद के करंडा और भांवरकोल थाना क्षेत्र में बुधवार की रात चोरों ने ताला तोड़कर तीन गुमटियों को खंगाला। इस दौरान 800 रुपये नकदी सहित हजारों के सामना पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ितों ने चोरी की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
करंडा संवाददाता के अनुसार थाना क्षेत्र जानकी मोड़ चौराहा पर स्थित करंडा निवासी रामजन्म यादव चाय-समोसा और रामकरन राम की साइकिल मरम्मत की गुमटी का ताला तोड़कर चोर कीमती सामान उठा ले गए। इस दौरान रामजन्म की दुकान से गैस चूल्हा, छोटा गैंस सिलेंडर सहित सैकड़ों रुपये का सामान लेकर चले गए। जबकि रामकरन की दुकान से भी टायर, ट्यूब सहित अन्य सामान लेकर रात के अंधेरे में गायब हो गए। गुरुवार की सुबह दुकान पहुंचने पर पीड़ितों को चोरी की जानकारी हुई, तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।
भांवरकोल संवाददाता के अनुसार थाना क्षेत्र के कबीरपुर निवासी मिंटू गिरी की कुंडेसर चट्टी पर पारचून और पान की गुमटी है। रोज की तरह बुधवार की देर शाम भी वह दुकान बंद कर घर चला गया। देर रात चोर ताला तोड़कर अंदर रखे 800 रुपये नकदी के साथ हजारों रुपये का कीमती सामान लेकर चंपत हो गए। पीड़ित ने चोरी की सूचना पुलिस को दे दी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।