दिलदारनगर। थाना क्षेत्र के फरीदपुर गांव के पास बृहस्पतिवार की दोपहर बैंक मित्र से दिनदहाड़े एक लाख 25 हजार रुपये की लूट के मामले में दूसरे दिन शुक्रवार को भी पुलिस के हाथ खाली रहे।
नकाबपोश बाइक सवारों को पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच की टीम के साथ दिलदारनगर पुलिस भी जुटी हुई है, लेकिन घटना के दो दिन बीत जाने के बाद भी उसे कामयाबी नहीं मिल सकी है। क्षेत्राधिकारी जमानिया हितेंद्र कृष्ण ने बताया कि लूट के मामले में क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस लगाई गई है। मालूम हो कि सेवराई गांव निवासी श्रीनिवास सिंह कुशवाहा यूनियन बैंक उसिया शाखा के बैंक मित्र होने के नाते शाखा से पैसा निकाल कर साइकिल से घर आ रहे थे। बैंक से एक किलो मीटर आगे फरीदपुर गांव के पास नकाबपोश बाइक सवार बदमाश उन्हें धक्का मारकर एक लाख 25 हजार लूट लिए थे।