कासिमाबाद। बंका खास गांव में पुरानी रंजिश और भूतप्रेत के चक्कर में हमलावरों ने शनिवार की देर शाम युवक और चचेरी बहन को मारपीट कर घायल कर दिया।
गंभीर रूप से घायल युवक का उपचार चल रहा है। जहां उसकी हालत नाजुक बताई गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर रविवार की सुबह बहादुरगंज बस स्टैंड से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी।
गांव निवासी घायल दीपक मौर्या के चचेरे भाई अनूप मौर्या ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आठ हमलावरों ने घर में घुसकर चचेरे भाई दीपक मौर्या और बहन गुंजा को मारपीट कर घायल कर दिया। दीपक के सिर में गंभीर चोट आई है। कोतवाल शैलेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि पुरानी रंजिश एवं झाड़ फूंक के चक्कर में घर में घुसकर लालबाबू मौर्य, लल्लन मौर्य, अजय मौर्य, मानकी देवी, शशि कला, पूजा मौर्य, अर्जुन राजभर एवं रामबली राजभर ने लाठी-डंडे से मारपीट कर घायल कर दिया।
गंभीर रूप से घायल दीपक का इलाज मऊ के सदर अस्पताल में चल रहा है। घायल के चचेरे भाई अनूप की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई लेकिन घर पर कोई नहीं मिला। दूसरे दिन सुबह मुखबिर की सूचना पर बहादुरगंज बस स्टैंड से पुलिस ने लालबाबू मौर्या, अजय मौर्या, शशिकला, अर्जुन राजभर और रामबली राजभर को गिरफ्तार किया गया।