कोतवाली क्षेत्र के चित्तावनपट्टी गांव में बुधवार की देर रात अज्ञात कारणों से एक झोपड़ी में आग लग गई। अगलगी की घटना में घर- गृहस्थी का सामान और पांच हजार नकदी जलकर नष्ट हो गया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इधर क्षेत्रीय लेखपाल ने क्षति का आंकलन करने में जुटे रहे।
गांव निवासी समूहती देवी खाना खाने के बाद पुत्री सोनी के साथ झोपड़ी में सो रही थी। देर रात धुआं भरने से मां और पुत्री की आंख खुल गई और बाहर आकर चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर आस-पास के लोग और प्रधान प्रतिनिधि अशोक यादव मौकेे पर पहुंच गए और आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे। करीब तीन घंटे के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब-तक घर-गृहस्थी और नकदी जलकर नष्ट हो गया। पीड़िता ने बताया कि पासबुक आधार कार्ड निर्वाचन कार्ड के अलावा रखा करीब पांच हजार रुपये नकदी राख हो गया। प्रतिनिधि अशोक ने अगलगी की घटना की सूचना तहसील के अधिकारियों को दी। इधर दूसरे दिन पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ रिपोर्ट अधिकारियों को सौंप दी। इस संबंध में तहसीलदार लालजी विश्वकर्मा ने बताया कि हल्का लेखपाल से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिवार को मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।