गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन से एक घंटे पहले सुहेलदेव के खुलने के बाद यात्रियों ने किया स्टेशन पर हं
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। सिटी रेलवे स्टेशन से शनिवार को निर्धारित समय से एक घंटा पहले सुहेलदेव एक्सप्रेस के रवाना होने पर यात्रियों ने जमकर हंगामा किया।यात्रियों को उग्र होते देख तत्काल स्टेेशन अधीक्षक रामायण यादव के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल तथा राजकीय रेलवे पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया। अधिकारियों द्वारा टिकट का पैसा वापस कराने के आश्वासन पर किसी तरह मामला शांत हुआ। इस बीच करीब डेढ़ घंटे तक यात्री शोर मचाते रहे।
सिटी रेलवे स्टेशन से आनंद बिहार जाने वाली सुहेलदेव एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय चार बजे से एक घंटा पहले तीन बजे ही रवाना हो गई। ऐसे में आरक्षण लिए जब यात्री स्टेशन पहुंचे तो ट्रेन के रवाना होने की जानकारी होते ही उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते करीब 200 से ऊपर ऐसे यात्रियों की भीड़ प्लेटफार्म पर जुट गई, जिन्होंने यात्रा के लिए आरक्षण लिया था। आक्रोशित यात्रियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। जबकि रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि ट्रेन का शनिवार से अचानक समय परिवर्तन किया गया है। इसका मैसेज संबंधित यात्रियों के मोबाइल नंबरों पर भेजा गया था। जिन लोगों ने समय के अंदर मैसेज देख लिया था उन्हें ट्रेन मिल गई और जो लोग नहीं देख पाए थे वह ट्रेन नहीं पकड़ सके। जबकि बहुत यात्रियों का कहना था कि उनके मोबाइल पर किसी प्रकार का मैसेज नहीं आया है। हो-हल्ला और हंगामे के बीच महिला और बच्चों को लेकर स्टेशन पहुंचे यात्री परेशान रहे। उधर इसकी जानकारी होते ही आरपीएफ एवं जीआरपी यात्रियों को समझाने -बुझाने में जुट गई। काफी प्रयास के बाद भी यात्रियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। बाद में रेल अधिकारियों द्वारा पैसा वापस कराने का आश्वासन देकर यात्रियों को शांत कराया गया। इस संबंध में स्टेशन मास्टर रामायण सिंह यादव ने बताया कि सुहेलदेव की समय-सारिणी में परिवर्तन हुआ है। इसकी जानकारी नेट से लेकर मोबाइल पर भी मैसेज के माध्यम से यात्रियों को दी गई थी। जिन लोगों की ट्रेन छूट गई है, उनकी शिकायत उच्चाधिकारियों के पास भेज दी गई है। शनिवार और मंगलवार को ट्रेन तीन बजे अपने गतंव्य के लिए रवाना होगी।