गाजीपुर। सिटी स्टेशन पर ट्रेनों की आवागमन की जानकारी के लिए लगा डिस्प्ले बोर्ड काफी दिनों से खराब चल रहा है। इससे यात्रियों को ट्रेनों के बारे में जानकारी लेने में काफी परेशानी हो रही है। डिस्प्ले बोर्ड खराब होने से यात्री पूछताछ खिड़की का सहारा ले रहे हैं लेकिन वहां ट्रेनों के आवागमन के समय लंबी लाइन लगने से यात्रियों की परेशानी बढ़ जा रही है। कई बार ट्रेनों के बारे में जानकारी के चक्कर में ट्रेन ही छूट जा रही है। ऐसे में लोगों के सामने रेलवे को कोसने के अलावा कोई विकल्प नहीं रह रहा है।
महीना भर से यात्री प्लेटफार्म नंबर एक और प्लेटफार्म नंबर दो पर ट्रेनों के आवागमन को लेकर सामान और परिवार के साथ गफलत में पड़े हैं। डिस्प्ले खराब होने के कारण रेलवे की तरफ से ट्रेनों का प्लेटफार्म बदलने की दशा में भी छूटने की आशंका बनी रहती है।
स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर घुसते ही पहले डिस्प्ले बोर्ड लगा हुआ है। यात्री ट्रेन छूटने में कम समय रहने पर भी डिस्प्ले बोर्ड पर ट्रेन और प्लेटफार्म नंबर देख तुरंत ट्रेन तक पहुंच जाते थे। लेकिन डिस्प्ले बोर्ड के बिलकुल भी काम नहीं करने से यात्रियों के सामने ट्रेनों की सही जानकारी लेने में बड़ी दिक्कत हो रही है। पूछताछ केंद्र पर भी लंबी कतार लग जाने से यात्रियों के बीच पहले पूछ लेने को लेकर नोकझोक हो जाती है। कई बार लोग सामान या पर्स चोरी होने को लेकर भी हल्ला-मचाते हैं। ऐसे में लोगों के सामने सामान और पैसों की सुरक्षा भी एक बड़ा सवाल बन गया है। इस संबंध में वाराणसी मंडल के पीआरओ अशोक कुमार ने बताया कि 30 अप्रैल से पहले हर हाल में सिटी स्टेशन के डिस्प्ले को दुरुस्त करा लिया जाएगा। डिस्प्ले का मरम्मत करने की सूचना विभाग को दे दी गई है।