बिहार सचिवालय में विभिन्न पदों पर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के सरगना और उसके सहयोगी को पुलिस ने सोमवार की रात तिलवा मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी 11 लोगों का गिरोह बनाकर 10-15 लाख रुपये लेकर बेरोजगारों को ठगने का काम करते थे। गिरफ्तारी के चंद घंटे पहले भी गिरोह के लोगों पर शाम 6:35 बजे आठवां मुकदमा दर्ज हुआ था। रेवतीपुर थानाक्षेत्र के नगदिलपुर उर्फ दुल्लहपुर निवासी विनोद गुप्ता अपने गांव में ऊं श्री बक्शू बीर बाबा एकेडमी का संचालन करता है। एकेडमी में अभ्यर्थियों को बरगलाकर उनसे बिहार सचिवालय में विभिन्न पदों पर नौकरी दिलाने के नाम पर 10-15 लाख रुपये लेता था। एक अक्तूबर 2024 से लेकर 20 जनवरी की शाम 6:35 बजे तक आठ मुकदमे दर्ज हुए हैं।
ये मुकदमे कोचिंग संचालक, उसकी पत्नी अनीता गुप्ता, गौरव गुप्ता राजा और बेटी रानी के अलावा कृष्णा उपाध्याय, चंद्रभान, प्रदीप, राहुल कुमार सिंह, दीपू कुमार, खेसारी, पवन, ममता पर दर्ज हैं।
अभ्यर्थियों 10-15 लाख रुपये लेकर नौकरी के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र देने, ट्रेनिंग कराने और रुपये वापस मांगने पर धमकी देने का आरोप लगाया है। साथ ही गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई कर रही है।
सीओ जमानिया राम कृष्ण तिवारी के मुताबिक विनोद गुप्ता और गहमर थानाक्षेत्र के गहमर पट्टी मैगा राय निवासी कुमारी कृष्णा उपाध्याय को तिलवा मोड़ से गिरफ्तार किया गया है। फरार चल रहे बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।