ब्लाक का अधिकारी और सीआईडी बनकर लोगों से धोखाधड़ी कर पैसा ऐंठने वाले शख्स को भुड़कुड़ा पुलिस ने शुक्रवार सुबह चौजा पुल के पास से धर दबोचा। अभियुक्त के पास से 4700 रुपये नकद, मोबाइल और नाजायज देसी तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
भुड़कुड़ा कोतवाल शिव प्रसाद वर्मा ने बताया कि अभियुक्त मुकेश विश्वकर्मा पुत्र रविंद्र विश्वकर्मा निवासी गोदसईया थाना दुल्लहपुर का रहने वाला है। 11 अप्रैल को दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के कटौली गांव के रहने वाले धर्मेंद्र कुमार को फोन करके जखनिया ब्लॉक का अधिकारी बनकर आवास के नाम पर 30 हजार रुपये और मोबाइल के साथ जखनिया ब्लॉक पर बुलाया। इसके बाद वह पीड़ित का पैसा व मोबाइल लेकर फरार हो गया।
दो दिन बाद 13 अप्रैल को पीड़ित धर्मेंद्र कुमार ने भुड़कुड़ा थाने में मामला दर्ज कराया। सुबह साढ़े छह बजे मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त की गिरफ्तारी को चौजा से गिरफ्तार की गई। अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में बिरनो थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति से सीआईडी बन कर पैसा लिया था, जिसके ऊपर कई संगीन धाराएं दर्ज है।