जलालाबाद स्थित यूनियन की शाखा से शुक्रवार की सुबह कैश न मिलने से नाराज लोगों ने सपा युवा नेता के नेतृत्व में गाजीपुर-आजमगढ़ मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम को समाप्त कराया। लगभग दो घंटे तक चले जाम की वजह से राहगीर परेशान हुए।
जलालाबाद स्थित यूनियन बैंक में शुक्रवार की सुबह काफी संख्या में लोग पहुंचे। बैंक खुलते ही कर्मचारियों ने बताया कि बैंक में कैश नहीं है। यह बात सुनते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। इसके बाद सपा युवा नेता आनंद यादव के नेतृत्व में लोगों ने सवा दस बजे गाजीपुर-आजमगढ़ मार्ग पर जाम लगा दिया और बैंक के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
जाम होते ही सड़क की दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। अगर कोई वाहन इसमें से निकलने की कोशिश करता था लोग नारेबाजी कर उसे रोक दे रहे थे। जाम की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुरेंद्र यादव अपने हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर जाम को हटवाया। लगभग 12 बजे जाम समाप्त हुआ तो सड़क पर आवागमन शुरू हो सका।
इस संबंध में शाखा प्रबंधक प्रदीप कुमार ने बताया कि यूनियन बैंक की यह शाखा बड़ी है लेकिन इसके अनुपात में आरबीआई से कैश नहीं आ रहा है। कैश आते ही लोगों को पैसे मिलने लगेंगे। मालूम हो कि इससे पहले भी लगातार चार दिनों तक ग्राहकों इस बैंक से पैसा नहीं मिला। जाम करने वालों में लालजी यादव, गुड़ियां कुमारी, अजय यादव, किसमतिया देवी, ललिता देवी सहित दर्जनों महिला-पुरुष शामिल थे।