भांवरकोल। थाना क्षेत्र के धनेठा गांव में दो दिन पूर्व पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट में युवक की हुई मौत के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को दस लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा कर लिया। साथ ही आरोपियों को दबोचने के लिए दबिश देनी शुरू कर दी।
गांव निवासी अवधेश पासवान 23 मार्च को अपने खेत में मटर की फसल काट रहा था। इसी बीच राहुल राय ने कहासुनी के बाद अवधेश पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस घटना में अवधेश घायल हो गया था। अवधेश को घायल देख उसके परिजन तथा राहुल के पिता जितेंद्र राय भी पहुंच गए थे। मौके पर दोनों पक्षों में जमकर लाठी- डंडे चले थे। इस घटना में चार लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजवाया था। इलाज के दौरान राहुल राय की मौत हो गई थी। इस संबंध में थानाध्यक्ष बागीश विक्रम सिंह ने बताया कि मृतक राहुल राय के भाई राजीव राय की तहरीर पर 10 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।