सेवराई। सरकारी भूमि पर लंबे समय से अवैध रूप से कब्जा करने और घर बनाए जाने के मामले में बृहस्पतिवार की देर शाम क्षेत्रीय लेखपाल ने भदौरा गांव के पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। एसडीएम के निर्देश पर हुई कार्रवाई से सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
ग्रामीणों ने कुछ दिन पूर्व एसडीएम को दिए गए शिकायती पत्र में बताया था कि भदौरा गांव के पांच लोगों ने 40 वर्षों से गांव की सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर मकान और अन्य पक्का निर्माण कराया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार द्वारा जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में पाया गया कि रामसुंदर, सुरेंद्र, अशोक, गुदरी और मंगल द्वारा सड़क की आराजी नंबर 62 में अतिक्रमण कर पक्का मकान और सहन बनाकर कब्जा किया गया है। इसके विरुद्ध बेदखली की कार्रवाई तहसील न्यायालय सेवराई में की गई है। एसडीएम के निर्देश पर क्षेत्रीय लेखपाल अशोक कुमार ने अवैध कब्जेदारों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। इस संबंध में एसडीएम राजेश प्रसाद ने बताया कि नाली, चकरोड, गड्ढे, तालाब और सरकारी भूमि पर कहीं भी अवैध कब्जा पाया जाएगा तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। मीटिंग करके सभी लेखपालों को ग्राम सभा की भूमि का सत्यापन करने के लिए कहा गया है। सत्यापन में अगर पाया जाता है कि अवैध कब्जेदार द्वारा ग्राम सभा के लिए सुरक्षित भूमि को कब्जा किया गया है तो ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।