दुबिहा। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के असावर गांव के पानी टंकी के पास बृहस्पतिवार की रात करीब डेढ़ बजे छह लुटेरों ने एक वैवाहिक कार्यक्रम से वापस लौट रहे तीन युवकों को मारपीट कर बाइक और मोबाइल लूट लिया । पीड़ित की तहरीर पर पुलिस छानबीन करने में जुटी हुई है।
हरदासपुर गांव निवासी विकास राजभर, राजकुमार राजभर और हरीकेश राजभर एक ही बाइक से बरेसर के पास गोरा गांव निमंत्रण में गए थे। वहां से वे तीनों बाइक से रात में घर वापस आ रहे थे। वे असावर पानी टंकी के पास पहुंचे तो सड़क पर छह की संख्या में लुटेरों ने बाइक रोक ली और मोबाइल छिनने लगे। जब तीनों युवकों ने विरोध किया तो मारने-पीटने लगे। इधर किसी तरह बाइक सवार दो युवक भाग गए। जबकि बाइक चला रहा विकास बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा। लुटेरे उसका मोबाइल और बाइक लूटकर फरार हो गए। पीड़ित युवक किसी तरह से घर पहुंचे और घटना की जानकारी परिजनों को दी। पीड़ित ने वारदात की जानकारी पुलिस को दी। पीड़ित युवकों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस छानबीन करने में जुटी हुई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया की मामला संज्ञान में है, छानबीन चल रही है। जल्द ही लुटेरों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।