आचार संहिता उल्लंघन मामले में सदर विधानसभा के आम आदमी पार्टी प्रत्याशी की गाड़ी सीज करती पुलिस। ?
- फोटो : GHAZIPUR
थाना पुलिस ने मंगलवार की देर शाम आचार संहिता के उल्लंघन में सदर विधानसभा के आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी लाल बहादुर सिंह की गाड़ी सीज करने के साथ मुकदमा दर्ज कर लिया। साथ ही आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
विधानसभा चुनाव का बिगुल बजते ही पुलिस प्रशासन की टीम लगातार कार्रवाई करने में जुटी हुई है। आचार संहिता का पालन कराने के लिए होर्डिंग और बैनरों को उतरवाकर कब्जे में लेने के साथ अपराधियों एवं अराजकतत्वों पर कार्रवाई तेज कर दी गई है। देर शाम गाजीपुर सदर विधानसभा के आम आदमी पार्टी प्रत्याशी लाल बहादुर सिंह क्षेत्र में प्रचार कर रहे थे। इधर, पुलिस टीम क्षेत्र में आचार संहिता का पालन कराने के लिए भ्रमण कर रही थी। नंदगंज से चोचकपुर आ रहे वाहन को पुलिस ने रोक लिया और वाहन की तलाशी ली। इस दौरान प्रचार सामग्री, होर्डिंग एवं बैनर के अलावा वाहन पर भी पार्टी संबंधित सामग्री बरामद हुई। थानाध्यक्ष हरिनारायण शुक्ला ने बताया कि आचार संहिता का उल्लंघन करने पर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी लाल बिहारी सिंह के वाहन को सीज कर मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।