अकरांव गांव के पास शादियाबाद-नंदगंज मार्ग पर धू-धूकर जलती कार। स्रोत- पाठक
क्षेत्र के अंकराव गांव के पास शादियाबाद-नंदगंज मुख्य मार्ग पर बुधवार की दोपहर शार्ट सर्किट से कार में आग लग गई। चालक व सहयात्री ने किसी तरह भागकर जान बचाई। इधर, देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई।
मऊ जनपद के घोसी थाना क्षेत्र के अमिला गांव निवासी चालक अभिषेक प्रजापति ने बताया कि वह पड़ोसी अफजल की कार लेकर अपने मित्र करहां निवासी गोरख को लेकर वाराणसी एयरपोर्ट पर छोड़ने गए थे। साथ में करहां निवासी गोरख के पिता चुन्नी लाल भी थे। एयरपोर्ट पर छोड़कर चुन्नीलाल के साथ वापस आ रहे थे। चालक अभिषेक ने बताया कि चुन्नीलाल को करहां छोड़ने के लिए नंदगंज से शादियाबाद होकर चिरैयाकोट मऊ जा रहे थे कि रास्ते में अचानक गाड़ी के वायरिंग के तार जलने लगे। हाथ से बुझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन आग बढ़ती ही जा रही थी। सूचना पर फायर ब्रिगेड का वाहन भी पहुंच चुका था, लेकिन तबतक कार जल गई थी।