Ghazipur News: मामले के बाबत जंगीपुर थानाध्यक्ष अमित पांडेय ने बताया कि मृतक के गले में छह से सात फूट लंबी रस्सी बंधी थी। माथे पर हल्की चोट के निशान थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
गाजीपुर के जंगीपुर थाना क्षेत्र के मिठापारा गांव स्थित बेसो नदी पुल के नीचे शनिवार को ब्रांच पोस्टमास्टर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के गले में रस्सी बंधी हुई थी और माथे पर हल्की चोट के निशान थी। साथ ही पीठ्ठू बैग के अलावा कुछ दूरी चाबी लगी स्कूटी भी बरामद हुई। इकलौते पुत्र का शव देख परिजनों के रोने- बिलखने लगे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
शहर कोतवाली के तुलसीपुर छावनी लाइन निवासी अनुराग कुशवाहा (24) नोनहरा थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव स्थित डाकघर पर ब्रांच पोस्टमास्टर के पद पर तैनात थे। पिता राजेश कुशवाहा बिजली विभाग जौनपुर में जेई के पद पर तैनात है। प्रतिदिन की तरह अनुराग खाना खाकर ड्यूटी जाने के लिए निकले थे।
इधर दोपहर में मिठ्ठापारा गांव स्थित बेसो नदी के पुल के नीचे उनका शव देख चरवाहों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आस पास के ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने छानबीन करने के बाद घटना की जानकारी परिजनों को दी। मृतक के गले में करीब सात फीट की रस्सी बंधी थी।
विज्ञापन
मृतक के पास पीठ्ठू बैग भी बरामद हुआ। साथ ही कुछ दूरी पर चाबी लगी स्कूटी भी मिली। पुलिस शव कब्जे में लेकर थाने पहुंची। परिवार के लोग शव देख दहाड़े मारकर रोने- बिलखने लगे। मृतक माता- पिता का इकलौता पुत्र था। माता सीमा कुशवाहा व बहन का रो-रोकर बुरा हाल था।