कर्नाटक के बेल्लारी में बीते दिनों सब जूनियर राष्ट्रीय बाक्सिंग चैंपियनशिप आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता के 40 किग्रा भारवर्ग में उत्तर प्रदेश की टीम का नेतृत्व करते हुए गौतम स्पोर्टस एकेडमी की खिलाड़ी साधना राजभर ने रजत पदक हासिल करने का गौरव हासिल किया। मंगलवार को उसके वापस आने पर रैली निकालकर एकेडमी में भव्य स्वागत किया गया।
मालूम हो कि 20 से 27 मई तक बेल्लारी में राष्ट्रीय बाक्सिंग चैंपियनशिप में साधना ने राजस्थान, उड़ीसा, गोवा, तमिलनाडु की खिलाड़ियों को हराकर फानइल में प्रवेश किया था। फाइनल में महाराष्ट्र की खिलाड़ी से उसे हार का सामना करना पड़ा था। साधना के वापस आने पर नेवादा के ग्राम प्रधान शिवराम राजभर के नेतृत्व में खिलाड़ियों एवं ग्रामीणों ने उसके सम्मान में रैली निकाली। एकेडमी में पहुंचकर रैली स्वागत समारोह में तब्दील हो गई। स्टेडियम के प्रबंधक अमित कुमार सिंह ने उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इस अवसर पर प्रकाश राजभर, गुड्डू चौहान, वीरेंद्र राजभर, राकेश राजभर, शिवम राजभर, बबलू राजभर, राजन राजभर, करण राजभर आदि मौजूद थे।