गाजीपुर। अंतरजनपदीय पशु तस्कर और 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश अभिषेक यादव उर्फ गोलू शनिवार की रात पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। बदमाश के पैर में गोली लगी है।
उसे गिरफ्तार करके रविवार को विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। बदमाश के पास से एक तमंचा, एक गोली और एक बाइक बरामद की गई है। गैंगस्टर एक्ट में वांछित बदमाश पर गाजीपुर और चंदौली में आपराधिक मामले दर्ज हैं।
करंडा पुलिस और स्वाट टीम वांछित बदमाश की तलाश में आरी पहाड़पुर पुलिया के पास मौजूद थी। इसी तरह खिजिरपुर और बड़सरा चौकी की पुलिस जमुआंव गांव के पास संदिग्ध लोगों के साथ ही वाहनों की जांच कर रही थी।
इस दौरान बाइक से संदिग्ध युवक आता दिखा। टीम ने उसे रोकना चाहा, लेकिन नहीं माना। पुलिस के मुताबिक, युवक तमंचा लहराते हुए आगे बढ़ गया।
पुलिस ने मामले की जानकारी कंट्रोल रूम और प्रभारी निरीक्षक करंडा, स्वाट टीम को दी। पुलिस टीम ने बाइक सवार बदमाश को बड़सरा बाईपास के पास घेर लिया। दोनों तरफ से घिरा देख बाइक सवार बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गाेली बदमाश के पैर में लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। पूछताछ में उसने अपना नाम करंडा थानाक्षेत्र के कोटिया धरम्मरपुर गांव निवासी अभिषेक उर्फ गोलू यादव बताया। गिरफ्तार बदमाश पशु तस्करी में लिप्त है। उल्लेखनीय है कि जिले में पशु तस्करी का धंधा जोरशोर से चल रहा है। ज्यादातर जिले के सीमावर्ती इलाकों में इस कारोबार ने जड़ें जमा ली हैं। बिहार से सटी जिले की सीमा से भी पशु तस्करी होती है।