सेवराई। तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुख्तार खान मंगलवार को एक निजी कार्यक्रम में शिरकत करने उसिया पहुंचे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि यूपी में भी तख्ता पलट काफी आवश्यक है। बंगाल के चुनाव में भाजपा काफी दमखम लगा रही थी बड़े-बड़े वादे कर रही थी लेकिन उसकी दाल वहां नहीं गली। जनता इनके विचारों को जान और समझ चुकी है।
उन्होंने कहा कि महंगाई आसमान छू रही है। पेट्रोलियम पदार्थों का मूल्य इतना अधिक हो चुका है कि आम आदमी काफी परेशान है। उत्तर प्रदेश में सिर्फ एक ही योजना चल रही है जगहों के नाम को बदलने की। विकास जनता से काफी दूर है। आज उद्घाटित हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की चर्चा करते हुए कहा कि दूसरों की योजना को सिर्फ अपने नाम लेने का श्रेय भाजपा सरकार कर रही है। यूपी में विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों को उतारने के सवाल पर कहा कि आला कमान इस पर जल्द विचार करेगी। रोड की हालत बहुत खराब है। अगर यूपी में हमारी सरकार आई तो बंगाल की तर्ज पर ही यूपी का भी विकास किया जाएगा। सरकार जगहों के नाम बदलने के बजाए रोजगार दे। नाम बदलने से रोजगार नहीं मिल जाएगा। अगर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पीएम बनती हैं तो हर घर नल की व्यवस्था, अच्छी सड़के होंगी, शिक्षा की स्थिति में सुधार होगा। कहा कि 2024 में ममता दीदी पीएम बनकर आ रही हैं फिर कैसे विकास कार्य होते हैं यह हमारी सरकार दिखाएगी। लोगों को एक वर्ष में ही फर्क समझ में आ जाएगा। आने वाले 2022 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस अखिलेश के साथ गठबंधन कर सरकार बनाएगी।