पुलिस की पिटाई से घायल युवक अपने चोट दिखाता हुआ।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस की बर्बर पिटाई से पुत्र की हुई है मौत, चाहिए न्याय: गिरजा उपाध्याय
गाजीपुर के रूकुंदीपुर निवासी सियाराम उपाध्याय उर्फ जोखू (35) के पिता गिरजा उपाध्याय और भाभी नीतू उपाध्याय ने कहा की पुलिस की बर्बरता से की गई पिटाई से सियाराम की मौत हुई है। सरकार से न्याय चाहिए और दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज की कार्रवाई की जाए।
लाठीचार्ज में घायल राजेश राय बागी ने कहा कि जनसमस्याओं को लेकर धरने पर बैठे थे। रात करीब डेढ़ बजे लाइट बुझाकर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस लाठीचार्ज में कई लोग घायल हैं। पुलिस और प्रशासन का खौफ इतना है कि लोग छुपे हुए हैं। शीर्ष नेतृत्व के आने पर ही आगे की कार्रवाई होगी।
परिजनों के साथ भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश राय।
- फोटो : अमर उजाला
लाठीचार्ज की घटना में मृतक सियाराम उपाध्याय के गांव रुकुंदीपुर पहुंचे भाजपा के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि मृतक भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता है। उन्होंने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि पूरी पार्टी परिवार के साथ खड़ी है। साथ परिजनों की सभी मांगों को पार्टी की ओर से पूरा किया जाएगा।
कहा कि थाना परिसर में लाठीचार्ज की घटना में शामिल पुलिसकर्मियों को वहां से जाना होगा और उच्चस्तरीय जांच करा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि धरना भाजपा का नहीं है। यह दो लोगों के विवाद का मामला था।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने एक वीडियो बयान जारी कर कहा है कि नौ सितंबर को नोनहरा थाना परिसर में पुलिस की ओर से कोई लाठी चार्ज नहीं किया गया। बल्कि बिजली कटने के चलते धरना देने वाले लोग खुद ही वहां चले गए थे। कहा कि अब आरोप लगाया जा रहा है कि पुलिस की लाठीचार्ज में घायल एक युवक की मौत हो गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले की जांच कराई जा रही है, जो तथ्य निकलकर सामने आएंगे उसके दृष्टिगत विधिक कार्रवाई की जाएगी।