सैदपुर कोतवाली के भीमापार में सेवानिवृत्त शिक्षक के साथ हुई पचास हजार की लूट मामले में घटनास्थल ?
- फोटो : GHAZIPUR
भीमापार। सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के जोगीपुर बाबा धाम के पास बुधवार की दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने एक सेवानिवृत्त शिक्षक से 50 हजार रुपयेू लूट की वारदात को अंजाम दिया था। देर रात पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का मौका मुआयना करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके बाद दो लुटेरों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस ने बदमाशों द्वारा फेंका गया शिक्षक का बैग बरामद कर लिया। बदमाशों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
बुधवार की दोपहर सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के जंगीपुर बाबा धाम से सौ मीटर की दूरी पर स्थित पुलिया के पास बाइक सवार हथियारबंद दो बदमाशों ने सादात थाना क्षेत्र के रश्ती गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक विजयशंकर तिवारी की बाइक ओवरटेक कर रोक लिया था। जान से मारने की धमकी देकर 50 हजार रखा बैग लूटकर फरार हो गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश में जुट गई थी। देर रात पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। मौका मुआयना किया। साथ ही वहां मौजूद ग्रामीणों से भी बातचीत की। उन्होंने मातहतों को जल्द से जल्द बदमाशों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया। इस संबंध में सैदपुर कोतवाल रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि भीमापार पुलिस चौकी प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह ने क्षेत्र के विक्रमपुर गांव को जाने वाली सड़क के किनारे से बदमाशों द्वारा फेंका गया सेवानिवृत्त शिक्षक का बैग बरामद कर लिया है। घटना स्थल के आसपास के दुकानदारों से भी पूछताछ की जा रही है। पीड़ित द्वारा बताए गए हुलिया के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।