सुहवल थाना के अंधारीपुर गांव के मासूम अनुज कुमार के अपहर्ता के खिलाफ कार्यवाई की मांग को लेकर थान
- फोटो : GHAZIPUR
सुहवल। अपने पिता के साथ घर लौट रहे चार वर्षीय बालक को एक बाइक सवार युवक ने अगवा कर लिया। बुधवार की देर शाम वारदात को अंजाम दे अपहरणकर्ता भागने लगा। इस बीच शोर मचाने पर कुछ ग्रामीणों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। खुद के पकड़े जाने के भय से वह बालक को रास्ते में ही छोड़कर भागने लगा। लेकिन चारों तरफ से ग्रामीण उसे घेर लिए। पकड़ने के बाद उसकी जमकर धुनाई की, फिर पुलिस को सौंप दिया। इस मामले में अगवा हुए बालक के पिता ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया है।
सुहवल थाना क्षेत्र के अंधारीपुर गाँव में बुधवार की देर शाम अपने डेरे से पिता साथ घर जा रहे अनुज कुमार (04 को एक बाइक सवार अपहरणकर्त्ता ने पिता को धक्का दे मासूम को अपने साथ लेकर ढढनी की तरफ तेजी से भागने लगा। वाकया उस समय हुआ जब कुछ सामान लेकर पिता आगे और बालक उनके पीछ चल रहा था। बालक के अगवा होते ही पिता ने रोकने की कोशिश की। लेकिन अपहर्ता उन्हें धक्का देकर भाग निकला। यह देख ग्रामीण शोर मचाने लगे। तभी कुछ लोग बाइक से उसका पीछा करने लगे। यह देख खुद के पकडे़ जाने के डर से मासूम को सड़क किनारे फेंक और बाइक छोड़ वह रात में पगडंडी के सहारे भागने लगा। लेकिन ग्रामीणों ने उसे चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची। अपहर्ता को थाने ले आई और पूछताछ की। मासूम के पिता ने इस मामले में अपने पुत्र के अपहरण के मामले में बाइक सवार युवक के खिलाफ तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने देर रात्रि को मुकदमा पंजीकृत कर छानबीन शुरू कर दी है ।