गंगौली। कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के धरवार कला गांव में बुधवार की देर शाम पशुओं के लिए भूसा निकालने गई बीए की छात्रा सपना राजभर (18) को सर्प ने डस लिया। परिजन उसे उपचार के लिए मऊ स्थित फातिमा अस्पताल ले गए, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। धरवार कला गांव निवासी जीतन राजभर बताया कि उनकी पुत्री सपना बुधवार की देर शाम पशुओं के लिए भूसा निकालने भूसा घर में गई थी। इसी दौरान सर्प ने उसे डस लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे लेकर मऊ स्थित फातिमा अस्पताल पहुंचे। हालांकि, उपचार के दौरान देर रात उसने दम तोड़ दिया।
सपना बीए की छात्रा थी और तीन भाइयों की सबसे छोटी बहन थी। कासिमाबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सर्पदंश से युवती की मौत हुई है। परिजनों की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा रहा है।