शहर के मिश्रबाजार में करवा चौथ को लेकर सजी थाली। संवाद
अखंड सौभाग्य का प्रतीक करवा चौथ का पर्व बृहस्पतिवार को उल्लास एवं पारंपरिक तरीके से मनाया जाएगा। इसको लेकर महिलाएं जोरशोर से तैयारी में जुटी हुई हैं। कपड़ा, शृंगार, कास्मेटिक के साथ ही पूजन सामग्रियों की खरीदारी कर रही हैं। बाजारों में महिलाओं को लुभाने के लिए अलग-अलग डिजाइन और आकर्षक सजावट वाली पूजा की थालियां उपलब्ध हैं।
करवा चौथ पर्व को मनाने के लिए महिलाएं कोई कसर नहीं छोड़ना नहीं चाहती। यही कारण है कि जैसे-जैसे पर्व नजदीक आता जा रहा है बाजार में इसकी रौनक दिखाई देने लगी है। त्योहार से पहले कपड़े, चूड़ी, श्रृंगार सामग्री खरीदने के लिए दुकानों पर महिलाओं की भीड़ हो रही है। सुबह से ही कॉस्मेटिक और कपड़ों की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ लग जा रही है। महिलाओं को करवाचौथ पूजन के लिए डिजाइनर थालियां आकर्षित कर रही हैं। यह सेट सितारों, गोटा और सनील के कपड़े से सजा है जो देखने में बेहद ही खूबसूरत लग रहा है। यही कारण है कि महिलाएं इस थाली सेट को खरीद रही हैं। बाजार में इसकी कई रेंज हैं। 150 रुपये से शुरू होकर यह सेट पांच सौ रुपये तक में बिक रहा है। इसके अलावा पीतल सेट भी उपलब्ध है जो इसकी तुलना में कुछ महंगा है। मिश्रबाजार के रिंकू ने बताया कि करवाचौथ पर इस बार डेकोरेटेड थाली, लोटे और चलनी के सेट का क्रेज है। खासकर नवविवाहित महिलाएं इसे ज्यादा पसंद कर रही हैं।