शहर में अफीम फैक्टरी के बगल से गुजरे सबसे चौड़ी सड़क और सिंचाई विभाग चौराहे पर नाले के पास फूड स्ट्रीट हब-वेंडिंग जोन बनाया जाएगा।
इसके लिए शासन से मंजूरी मिल गई है। इसकी भनक लगते पर सोमवार की रात अफीम फैक्टरी के बगल से गुजरी सड़क पर रेहड़ी और फुटपाथ पर विभिन्न सामान की बिक्री करने वाले लोगों ने चूना छिड़काव और ईंटों से घेरकर अपने-अपने स्थान पसंद कर लिए।
अफीम फैक्टरी के बगल से शहर की सबसे चौड़ी सड़क गुजरती है। यहां नगर पालिका ने फूड स्ट्रीट हब वेडिंग जोन बनाने का निर्णय लिया है। इसके लिए शासन से दो करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। इसी तरह सिंचाई विभाग के चौराहे के पास स्थल चिह्नित किया गया है। अफीम फैक्ट्री-महुआबाग मार्ग पर फूड स्ट्रीट हब वेडिंग जोन बनाने की खबर मिलते ही सोमवार की रात लगभग 50 स्थानों पर रेहड़ी वालों ने खुद के लिए जमीन सुरक्षित कर ली।
अगले दिन सोमवार को यह नजारा देखकर नगरवासी आश्चर्य में पड़ गए। एक-दूसरे से पूछताछ करने लगे कि चूने का छिड़काव और ईंटों से घेराबंदी क्यों की गई है।
पूरे मामले की तह में जाने के बाद पता चला कि अफीम फैक्टरी-महुआबाग मार्ग पर नगर पालिका की ओर से नया बाजार बसाने की तैयारी की जा रही है।