दुल्लहपुर। थाना क्षेत्र के सिखड़ी ग्राम सभा स्थित बटऊआ गांव निवासी और आर्मी कोर के बीआरओ में हवलदार के पद पर जम्मू में तैनात निरंजन यादव (35) की मंगलवार को आजमगढ़ के छतवारा मोड़ के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। वह सोमवार को छुट्टी पर घर आए थे। वह आजमगढ़ के सिधारी ससुराल पत्नी और बच्चों को लेने बाइक से जा रहे थे। बुधवार की सुबह पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचते ही परिजन रोने- बिलखने लगे। पुलिस कर्मियों ने उन्हें अंतिम सलामी दी।
बटऊआ गांव निवासी शिव यादव ने बताया कि पुत्र निरंजन यादव आर्मी कोर के बीआरओ में 2013 में तैनात थे। वर्तमान में हवलदार के पद पर जम्मू में तैनात थे। सोमवार को ही वह छुट्टी पर घर आए थे। मंगलवार की दोपहर वह आजमगढ़ के सिधारी स्थित ससुराल पत्नी और बच्चों को लेने बाइक से जा रहे थे।
छतवारा मोड़ के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। लखनऊ पीजीआई में उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही जखनिया एसडीएम अतुल कुमार और भुड़कुड़ा सीओ शुभम वर्मा पहुंचे और जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें सलामी दी। एसडीएम अतुल कुमार जवान के दो मासूम बच्चों आशीष और अयांश देख दुलारने लगे। यह देख वहां मौजूद हर लोगों की आंख नम हो गई।
जवान के पिता शिव यादव, माता इस्रावती देवी, बड़े भाई संजय यादव के रोने- बिलखने से चीख- पुकार मच गई। पुलिस कर्मियों ने घर पर ही जवान को गार्ड ऑफ ऑनर के साथ उनका अंतिम सलामी दी। इस दौरान ग्राम प्रधान वीरेंद्र यादव, रमेश यादव, बिरजू यादव, अवधेश राजू यादव, संतोष यादव, प्रबंधक लालजी सिंह यादव और डॉ. रामवृक्ष सिंह यादव, राजेश सोनकर आदि मौजूद रहे।