एंटी करप्शन वाराणसी की टीम ने एक उपनिरीक्षक को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। वह रेवतीपुर थाने में तैनात था और थाने के पास पेड़ के पीछे से जाकर रिश्वत ले रहा था।
कल्याणपुर गांव के निवासी नंदलाल यादव ने वाराणसी एंटी करप्शन कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 28 फरवरी को उनके पट्टीदार के साथ भूमि विवाद में मारपीट हुई। कोई सुनवाई न होने पर सात मार्च को उन्होंने गाजीपुर न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया था। इस मामले में आख्या भेजने के लिए 10 हजार रुपये रेवतीपुर थाने पर तैनात उप निरीक्षक लल्लन यादव ने मांग की।
इसे भी पढ़ें; वाराणसी में दबंग का दुस्साहस: महिला की सहेली से बनवाया वीडियो, अब धमकी देकर मांग रहा पैसा
दरोगा ने दी थी धमकी
आरोप है कि दारोगा ने धमकी दी थी कि रिश्वत न देने पर वह उल्टी रिपोर्ट भेज देंगे। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने अपने स्तर से जांच की और शिकायत में सत्यता मिली। इसके बाद शिकायतकर्ता के माध्यम से उप निरीक्षक को बुलवाया गया, जो थोड़ी दूर पर एक पेड़ के पीछे दोपहर 3:10 बजे 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
एंटी करप्शन टीम वाराणसी के प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी उपनिरीक्षक के खिलाफ शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है।