दुल्लहपुर थाना क्षेत्र धामूपुर गांव के दलित बस्ती स्थित पार्क में स्थापित डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा बुधवार की देर रात अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दी। बृहस्पतिवार की सुबह क्षतिग्रस्त प्रतिमा देख ग्रामीण आक्रोशित हो गए और कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा ग्रामीणों को शांत कराया और तत्काल प्रतिमा की मरम्मत कराई। इधर ग्राम प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात अराजकतत्वों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई।
गांव के लोग सुबह आंबेडकर पार्क के तरफ गए थे। उनकी नजर डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा की क्षतिग्रस्त अंगुली पर पड़ी। इधर घटना की जानकारी मिलते ही पार्क में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। गांव निवासी संतोष, सुरेंद्र कुमार, चंदन कुमार, उपेंद्र कुमार, पिंटू कुमार, त्रिदेव व मंजित अराजकतत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करने लगे। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित ग्रामीणों को समझा शांत कराया। साथ ही खंडित प्रतिमा की तत्काल मरम्मत कराई। मामले में ग्राम प्रधान सिकानु राम की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।