मौधा (गाजीपुर)। शासन ने प्रदेश के सभी उच्च शिक्षण संस्थाओं को 15 फरवरी से पूर्ण रूप से खोलने का निर्देश दे दिया है। इसके तहत प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग के अधीन संचालित सभी विश्वविद्यालय और महाविद्यालय सोमवार से पूरी तरह खुल जाएंगे। सख्त निर्देश इस बात के हैं कि संस्थानों को खोलने से पहले इन्हें अपने परिसरों को साफ-सुथरा करना होगा। हालांकि इस जानकारी के बाद छात्र-छात्राओं सहित विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों में खुशी है।
उच्च शिक्षा अधिकारियों के अनुसार सभी शिक्षकों और छात्रों को फेसमास्क पहनना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही छह फीट की दूरी पर बैठने के साथ ही छात्रों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा। सभी शिक्षण संस्थानों को स्वच्छता और थर्मल स्कैनिंग कराना सुनिश्चित करना होगा। देश में पिछले वर्ष मार्च महीने से कोरोना महामारी के बाद से स्कूल और कालेज बंद कर दिए गए थे। चूंकि अब कोरोना की दर घट रही है और टीकाकरण भी शुरू हो गया है। इसलिए प्रदेश सरकार के एक आधिकारिक निर्देशानुसार सभी डिग्री कॉलेज, राज्य, निजी विश्वविद्यालय और अन्य शैक्षणिक संस्थान 15 फरवरी से खोल दिए जाएंगे।