गाजीपुर। राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत के नाम और पहचान के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। इस संबंध में उनके पति डॉ. अवधेश कुमार सिंह ने शहर कोतवाली थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर में सांसद के पति ने उल्लेख किया है कि 22 जनवरी को सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली कि काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन संख्या यूपी 61 बीक्यू 9062 को बिहार के जिला कैमूर अंतर्गत थाना मोहनिया क्षेत्र में 277 लीटर अवैध शराब के साथ पकड़ी गई है। आरोप है कि उक्त वाहन के पीछे के शीशे पर सांसद डॉ. संगीता बलवंत के नाम का स्टीकर तथा आगे भाजपा का झंडा लगा हुआ था।
डॉ. अवधेश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि इस अवैध कृत्य से उनका या उनकी सांसद पत्नी का कोई संबंध नहीं है। वाहन स्वामी द्वारा जानबूझकर सांसद के नाम का दुरुपयोग कर उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया है, जिससे मान-सम्मान को क्षति पहुंची है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि मामले की जांच कर वाहन स्वामी एवं संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाए। कोतवाल महेंद्र सिंह ने बताया कि प्रार्थना-पत्र के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।