गाजीपुर। करीमुद्दीनपुर पुलिस ने चोरी के मामले में वांछित पांच मुकदमों के आरोपी बुद्धिराम को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक चाकू, करीब ढाई मीटर काला कॉपर का तार, लाल और हरे रंग के करीब एक-एक फीट कॉपर के तार तथा पांच मीटर काला एल्युमिनियम का तार बरामद हुआ है। थाना प्रभारी पवन कुमार उपाध्याय ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पांच नवंबर को उपनिरीक्षक कृपाशंकर मिश्रा पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर चोरी के मामले में वांछित बुद्धिराम निवासी रायपुर, करीमुद्दीनपुर को गिरफ्तार किया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ गाजीपुर कोतवाली, मुहम्मदाबाद और अन्य थानों में आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम और चोरी से संबंधित कुल पांच पुराने मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।