कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के सनेहुआ गांव के सामने बृहस्पतिवार को कासिमाबाद-मऊ मार्ग पार कर रही एक महिला को बचाने में बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शेख अहमदपुर गांव निवासी जयराम सिंह (58) अपने भांजे कलवरा गांव निवासी श्रीराम सिंह के पुत्र अरुण सिंह (26) के साथ मऊ एक निजी अस्पताल में किसी मरीज से मिलने के लिए गए थे। दोनों लोग बाइक से वापस घर लौट रहे थे। बाइक अरुण चला रहा था और लौटते समय कासिमाबाद मऊ मार्ग पर सनेहुआ गांव के पास सड़क पार कर रही एक महिला को बचाने में बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। बाइक पलटने से पीछे बैठे जयराम सिंह की सिर में गंभीर चोट लगने से मौत हो गई। घटना में बाइक चालक अरुण सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी रामाश्रय राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।