गाजीपुर। दीपावली पर घर-आंगन रोशनी से जगमगाए तो बाजारों में भी धनवर्षा हुई। रोशनी के इस पर्व ने जिले के कारोबार को भी गति दी। पेंट, मिठाई, ड्राई फ्रूट, फल, पूजन सामग्री, आभूषण, फूल, सजावटी सामान और गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों की जमकर खरीदारी हुई। व्यापारियों के मुताबिक, दीपावली पर जिले में करीब 20 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। इससे बाजार में रौनक से कारोबारियों के चेहरे भी खिल उठे।
दीपावली का पर्व जिलेभर में हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक घरों और प्रतिष्ठानों को दीये, मोमबत्ती और रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया। बच्चों, युवाओं और महिलाओं में पर्व को लेकर खास उत्साह दिखा। शाम होते ही दीपों की रोशनी से पूरा जनपद जगमगा उठा। उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष श्रीप्रकाश केशरी ने बताया कि दीपावली पर पूरे जिले में करीब 20 करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है। पेंट, मिठाई, फल, ड्राई फ्रूट, आभूषण और पूजन सामग्री समेत विभिन्न कारोबार में अच्छी गतिविधि रही।