कासिमाबाद तहसील के भूलेख कार्यालय में मिले चितर प्रजाति सांप को वनदेवी वन क्षेत्र में छोड़ती वन
- फोटो : 1
कासिमाबाद तहसील मुख्यालय स्थित भूलेख कार्यालय में मंगलवार को सांप निकलने से कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कार्यालय परिसर में अचानक सांप दिखाई देने पर कर्मचारी अपनी सीट छोड़कर बाहर निकल आए। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। घटना की सूचना मिलते ही बाराचवर क्षेत्र के वन क्षेत्राधिकारी अवधेश सिंह के निर्देशन में वनरक्षक अरविंद यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर करीब ढाई फीट लंबे चितर प्रजाति के सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। इस दौरान कार्यालय परिसर में कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
वनरक्षक अरविंद यादव ने बताया कि पकड़े गए सांप को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ने के लिए वनदेवी वन क्षेत्र ले जाया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप दिखाई देने पर घबराने या उसे नुकसान पहुंचाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें। सांप के रेस्क्यू के दौरान कुछ समय तक भूलेख कार्यालय का कामकाज प्रभावित रहा। स्थिति सामान्य होने के बाद कार्यालय में कामकाज फिर शुरू हो गया।