रेवतीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में शौच के लिए निकली एक युवती के साथ छेड़खानी और अभद्र व्यवहार करने के साथ जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने बीते तीन जून को एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। बावजूद अभी तक पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बीते एक जून की रात करीब आठ बजे वह शौच के लिए घर से निकली थी। तभी पहले से घात लगाकर बैठे स्कूटी सवार एक युवक ने छेड़खानी शुरू कर दी।
आरोप लगाया कि आरोपी युवक जबरदस्ती स्कूटी पर बैठाने का प्रयास करने लगा। विरोध करने पर उसने कपड़ा तक फाड़ दिया। शोर मचाने पर गांव के कई लोग मौके पर पहुंचे, जिन्हें देख आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने टॉर्च की रोशनी में आरोपियों की पहचान की है। पीड़िता के परिजनों ने बताया कि रात हो जाने के कारण मामले की जानकारी पुलिस को दूसरे दिन दो जून को देने के साथ तहरीर दी गई। पुलिस ने तीन जून को मुकदमा दर्ज कर लिया। रेवतीपुर थानाध्यक्ष रमेश कुमार पटेल ने बताया कि पीड़िता को मेडिकल परीक्षण और मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराने के लिए महिला आरक्षी की निगरानी में भेजा गया है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद