माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2022 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा के दूसरे चरण की परीक्षा शुक्रवार को संपन्न हो गई। परीक्षा में जिले में पचास से अधिक परीक्षक लगाए गए थे। प्रथम चरण में जिन विद्यालयों की परीक्षा अपरिहार्य कारणों से नहीं हो सकी थी, उन्हीं विद्यालयों की छूटी परीक्षा 17 से 20 मई तक कराई गई है। तीन दिन में जिले में 72 केंद्रों पर 950 बच्चों ने परीक्षा दी है। जिसमें शुक्रवार को 15 केंद्रों पर 308 परीक्षार्थियों ने प्रायोगिक परीक्षा दी।
परीक्षा लेने के बाद परीक्षकों को शनिवार तक सीसी-16 फार्म जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से उपलब्ध करा दिया जाएगा जिस पर पूर्णांक और प्राप्तांक भर कर परीक्षक जिला विद्यालय निरीक्षक के पास जमा करेंगे। इसके बाद यह जिला विद्यालय निरीक्षक की तरफ से माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय को रविवार तक उपलब्ध करा दिया जाएगा। प्रयोगात्मक परीक्षा का पहला चरण 20 अप्रैल से शुरू हुआ था। इस तरह दूसरे चरण की परीक्षा की अंतिम तिथि को लेकर कुल एक महीने का समय इस परीक्षा को संपन्न कराने में लगा है।